नई दिल्ली: चार राज्यों और पुडुचेरी की छह सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों में पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है। भाजपा प्रत्याशी हसीरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 41,674 वोट मिले।
नंदीग्राम में हसीरानी रथ ने तोड़ा शुभेंदु अधिकारी का रिकॉर्ड
नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हसीरानी रथ ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले वर्ष 2016 में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर CPI उम्मीदवार अब्दुल कबीर शेख को 81,230 वोटों से हराया था।
इस बार हसीरानी रथ ने जीत का अंतर बढ़ाकर 1,22,753 वोट कर दिया। नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर सीट बरकरार रखने के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने उपचुनाव में हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया था।
रेजीनगर में भी भाजपा की जीत
पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी सखाराव सरकार ने जीत दर्ज की। उन्होंने 75,661 वोटों के अंतर से चुनाव जीता।नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर भाजपा की जीत को पश्चिम बंगाल के उपचुनाव के प्रमुख नतीजों के रूप में देखा जा रहा है।
तमिलनाडु की दोनों सीटों पर TVK विजयी
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने जीत दर्ज की है।इन दोनों सीटों पर जीत के साथ पार्टी का विधानसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ने की बात कही जा रही है।
पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर NDA समर्थित उम्मीदवार जीते
पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर NDA समर्थित ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत दर्ज की।इस उपचुनाव में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं।
4 राज्य और पुडुचेरी की 6 सीटों पर हुआ था मतदान
उपचुनाव के तहत पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल थीं। इन सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था।