नई दिल्ली। NEET-UG 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों के विरोध और प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर गुरुवार देर रात एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी परीक्षाओं की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
परीक्षा व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा
बैठक में शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा सचिव, National Testing Agency (NTA) के महानिदेशक, Central Board of Secondary Education (CBSE) के अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में NEET परीक्षा से जुड़े हर पहलू, विशेष रूप से पेपर सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा की गई। हालांकि बैठक में लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
CBI रिमांड में पांच आरोपी
उधर, NEET-UG पेपर लीक मामले में दिल्ली की एक अदालत ने गिरफ्तार पांच आरोपियों को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने कहा कि मामले में संगठित गिरोह की भूमिका के संकेत मिल रहे हैं, जो आर्थिक लाभ के लिए प्रश्नपत्र लीक और प्रसार में शामिल था।विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने Central Bureau of Investigation (CBI) की याचिका स्वीकार करते हुए आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर भेजने की अनुमति दी।
कोर्ट की अहम टिप्पणी
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि यह मामला एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है और जांच शुरुआती चरण में है। कोर्ट के अनुसार पूरी साजिश का खुलासा करने और गिरोह के सभी सदस्यों की पहचान के लिए आरोपियों की हिरासत आवश्यक है।