रायपुर | भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाली टी-20 सीरीज को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिम्बाब्वे की महिला टीम आज दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेगी। विदेशी टीम एयरपोर्ट से सीधे अपने होटल के लिए रवाना होगी।
कोर्टयार्ड मैरियट में ठहरेगी टीम रायपुर पहुंचने के बाद जिम्बाब्वे की टीम एयरपोर्ट से सीधे कोर्टयार्ड मैरियट होटल जाएगी। टीम के ठहरने की व्यवस्था यहीं की गई है। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी सीरीज के मुकाबलों की तैयारी में जुटी है।
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच महिला टी-20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे। सभी मैच नया रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। तीन मैचों की इस सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है। भारतीय महिला टीम आज शाम स्टेडियम में अभ्यास करेगी।
आज शाम 4 बजे से ऑनलाइन टिकट बिक्री
मैच देखने के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री आज शाम 4 बजे से शुरू होगी। क्रिकेट प्रशंसक ticketgenie.in के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे। टिकट की कीमत 250 रुपये से शुरू होगी। एक यूजर अधिकतम 6 टिकट खरीद सकेगा। मैचों के लिए टिकट बिक्री शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों के टिकट बुक करने की उम्मीद है।