भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर में खनन और रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बीजेपी के पूर्व विधायक और किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतर सिंह भड़ाना की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि रविवार देर शाम उनके क्रेशर प्लांट पर 70 से 80 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से भड़ाना को जयपुर रेफर किया गया। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।
क्रेशर प्लांट पर 70-80 लोगों ने किया हमला
घटना रविवार 11 अक्टूबर की शाम भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव के पास हुई। अतर सिंह भड़ाना अपने क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे, तभी कथित तौर पर 70 से 80 लोगों की भीड़ वहां पहुंची और हमला कर दिया।आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से अतर सिंह भड़ाना, उनके सहयोगी गगन शर्मा और प्लांट पर मौजूद अन्य लोगों को निशाना बनाया। हमले में भड़ाना और गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी ने गोली मारने का लगाया आरोप
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनके पति को गोली भी मारी गई। उन्होंने पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने का आरोप भी लगाया है।
जयपुर ले जाते समय पूर्व विधायक की मौत
हमले के बाद अतर सिंह भड़ाना और गगन शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भड़ाना को जयपुर रेफर किया गया, जबकि गगन शर्मा को भरतपुर भेजा गया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाते समय दौसा जिले के महुवा के पास अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई।
रास्ते और खनन को लेकर दो साल से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, क्रेशर प्लांट के संचालन और माइनिंग लीज तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और क्रेशर संचालकों के बीच करीब दो साल से विवाद चल रहा था। ग्रामीण इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन और धरना भी दे रहे थे।बताया जा रहा है कि धरना खत्म होने के बाद रविवार को विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान अतर सिंह भड़ाना अपनी पत्नी और सहयोगियों के साथ क्रेशर प्लांट पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर भीड़ ने हमला कर दिया। पूर्व विधायक की हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना ने खनन विवादों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल खड़े किए हैं।