भोपाल: मध्यप्रदेश में सोमवार, 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 3 बजे भोपाल स्थित मंत्रालय में होगी। इसमें मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के सभी मंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने और मंजूरी मिलने की संभावना है। इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में स्कूली बच्चों की ड्रेस के लिए आर्थिक सहायता, दमोह-कटनी फोरलेन सड़क, अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण और सिंगरौली में नए अस्पताल के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। अब आज की बैठक में होने वाले फैसलों पर प्रदेशभर की नजर रहेगी।
दोपहर 3 बजे मंत्रालय में होगी कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्ताव रखे जाएंगे। फिलहाल कई महत्वपूर्ण विभागीय प्रस्तावों को लेकर चर्चाएं हैं।
पिछली कैबिनेट बैठक के बड़े फैसले
दमोह-कटनी फोरलेन सड़क के लिए ₹4,470 करोड़
कैबिनेट ने दमोह से कटनी के बीच 105.01 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए करीब 4,470 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।इस सड़क के निर्माण से दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होने और यात्रा के समय में करीब डेढ़ घंटे की बचत होने का अनुमान है। परियोजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
अग्निवीरों को पांच वर्दीधारी विभागों में 20% आरक्षण
मध्यप्रदेश सरकार ने पांच वर्दीधारी विभागों में आरक्षक सहित निर्धारित पदों की भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया था। पूर्व सैनिकों को भी इससे लाभ मिलने की जानकारी दी गई थी।इस निर्णय का उद्देश्य सेना में सेवा दे चुके युवाओं को राज्य के सुरक्षा संबंधी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
सिंगरौली में 125 बेड का अस्पताल बनेगा
सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 125 बेड का नया अस्पताल बनाने की मंजूरी दी गई थी। इसके लिए करीब 342 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।