लखनऊ | उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिल्ली-NCR और खासकर गाजियाबाद में देर रात से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम में बदलाव के बाद वातावरण में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों के बाद अब मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर दिखाई दे रहा है।
गाजियाबाद में रात से बारिश, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठंडक
गाजियाबाद में रविवार रात तेज हवाओं के बाद बारिश शुरू हुई। रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही। सोमवार सुबह भी हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। सुबह घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्मी की तुलना में राहत मिली और मौसम में ठंडक का एहसास हुआ।
चित्रकूट में ठंडी हवाएं, हल्की धूप भी निकली
चित्रकूट में सुबह से मौसम में ठंडक बनी हुई है। ठंडी हवाओं का दौर जारी रहने से सुबह के समय लोगों को हल्की ठंड महसूस हुई। हालांकि, बाद में हल्की धूप भी निकल आई। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के चलते सुबह का वातावरण सुहावना बना हुआ है।
गोंडा में सुबह से साफ मौसम
गोंडा में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा। सुबह से ही धूप निकली हुई है और फिलहाल आसमान में ज्यादा बादल नजर नहीं आ रहे हैं। जिले में बारिश की स्थिति नहीं है और मौसम सामान्य बना हुआ है।
आगरा में हल्के बादल, ठंडी हवाओं से राहत
आगरा में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा, हालांकि आसमान में हल्के बादल दिखाई दे रहे हैं। सुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। लोगों को सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हुई और गर्मी से राहत मिली। फिलहाल हल्के बादलों के बीच मौसम सामान्य बना हुआ है।
पश्चिमी यूपी में रविवार को बदला था मौसम
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। मेरठ, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और बरेली में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। मेरठ और शामली में कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। बिजनौर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद कई इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिली।
15 अक्टूबर से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 15 अक्टूबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश और पूर्वी तराई के कुछ जिलों में एक बार फिर हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।