लखनऊ | शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक मंगलकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में नवरात्रि को अहंकार, दुराग्रह और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के जरिए ही विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार किया जा सकता है। सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से नवरात्रि के दौरान शक्ति उपासना के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं व बेटियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

मातृशक्ति की सुरक्षा और सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज और प्रदेश की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित किए बिना विकसित यूपी के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही बेटियों की शिक्षा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
मिशन शक्ति से महिला सुरक्षा को नई दिशा
सीएम योगी ने अपने संदेश में प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से नारी सुरक्षा और सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस में 44 हजार से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं। इससे महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
यूपी पुलिस भर्ती में महिलाओं को 20% आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। इसके साथ ही वीरांगनाओं के नाम पर तीन महिला PAC बटालियन गठित की गई हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
बहनों की सुरक्षा के लिए आवाज बनने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बहनों की सुरक्षा के लिए आवाज बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा, महिलाओं के सम्मान और उनके आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करने का आह्वान किया। नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री का यह संदेश शक्ति उपासना को सामाजिक जिम्मेदारी और महिला सशक्तीकरण से जोड़ता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।