पटना | पटना एयरपोर्ट के आसपास शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली तेज रोशनी अब विमान सुरक्षा के लिए खतरा नहीं बन सकेगी। हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति की मंगलवार को हुई बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त एवं समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार ने पहले जारी निर्देशों की समीक्षा की। प्रतिबंध के बावजूद लेजर और हाई इंटेंसिटी लाइट का इस्तेमाल जारी रहने की जानकारी मिलने पर उन्होंने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में दानापुर और पटना सदर के अनुमंडल पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट, हाई इंटेंसिटी लाइट और डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है।
मैरिज हॉल और आयोजन स्थलों पर होगी निगरानी
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बैठक में बताया कि प्रतिबंध के बावजूद कई जगहों पर लेजर और हाई इंटेंसिटी लाइट का इस्तेमाल हो रहा है। इस पर आयुक्त ने गेस्ट हाउस, मैरिज हॉल, डीजे संचालकों और अन्य आयोजन स्थलों पर निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर संबंधित संचालकों से बॉन्ड भरवाया जाए। साथ ही इलाके के थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में निगरानी रखने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। आयुक्त ने कहा कि शादी-विवाह और दूसरे आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली चमकदार लेजर लाइट पायलट की आंखों को कुछ समय के लिए चौंधिया सकती है। टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान अचानक तेज रोशनी से देखने की क्षमता प्रभावित होने पर विमान की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
फुलवारीशरीफ और नूतन पाटलिपुत्र अंचल में खुले में नहीं बिकेगा मांस-मछली
बैठक में एयरपोर्ट के आसपास खुले में मांस-मछली की दुकानों और उनसे निकलने वाले अवशेषों को भी विमान सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बताया गया। अधिकारियों के अनुसार, खुले में फेंके गए मांस-मछली के अवशेष पक्षियों को आकर्षित करते हैं।
पक्षियों के झुंड विमान के उड़ान भरने या उतरने के दौरान उससे टकरा सकते हैं। इससे विमान के इंजन और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने तथा उड़ान सुरक्षा प्रभावित होने का खतरा रहता है। आयुक्त ने फुलवारीशरीफ नगर परिषद और नूतन पाटलिपुत्र अंचल को खुले में मांस-मछली की दुकानें नहीं लगने देने का निर्देश दिया। गर्दनीबाग मेन रोड और चितकोहरा गोलंबर के आसपास विशेष अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने और दोबारा दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया।
एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर दायरे में कचरा जमा करने पर रोक
आयुक्त ने एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर के दायरे में कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गर्दनीबाग स्थित कूड़ा डंपिंग स्टेशन को हटाने का आदेश भी दिया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट से फुलवारी रेलवे स्टेशन तक नियमित सफाई और कचरे का समुचित निस्तारण करने को कहा गया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा को निर्देश दिया गया कि एयरपोर्ट के आसपास किसी भी स्थिति में कचरे का अनियंत्रित जमाव न होने पाए।
आवारा कुत्तों पर नियंत्रण, सर्पेंटाइन नाला ढंकने का निर्देश
बैठक में आवारा कुत्तों के नियंत्रण और प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। नगर निगम को इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। सर्पेंटाइन नाले को ढंकने का शेष काम जल्द पूरा करने की जिम्मेदारी बिहार राज्य सड़क विकास निगम को दी गई। वहीं, एयरपोर्ट के आसपास चिह्नित क्षेत्रों में सूखे ताड़ के पेड़ों को हटाने के लिए जिला वन पदाधिकारी (DFO) को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा, एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेजर लाइट से पायलट को कैसे हो सकती है परेशानी?
लेजर लाइट की तेज रोशनी कॉकपिट तक पहुंचने पर पायलट को कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। तेज चमक के कारण सामने की चीजें कुछ समय तक साफ दिखाई नहीं देतीं। रोशनी हटने के बाद भी आंखों के सामने चमक या धब्बे बने रह सकते हैं। कई बार किसी आकृति या रंगीन धब्बे की छवि कुछ सेकेंड से लेकर कई मिनट तक दिखाई दे सकती है। रात के समय पायलट की आंखों को अंधेरे के अनुकूल होने में भी परेशानी हो सकती है। अत्यधिक शक्तिशाली लेजर से आंखों को चोट पहुंचने का खतरा भी रहता है। इसी वजह से एयरपोर्ट के आसपास लेजर और हाई इंटेंसिटी लाइट के इस्तेमाल पर रोक को सख्ती से लागू करने की तैयारी की जा रही है।