कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बहुचर्चित गुड़ाप दुष्कर्म और हत्याकांड में कलकत्ता हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है। पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या करने के मामले में दोषी को सुनाई गई फांसी की सजा कायम रखने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के साथ ही एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।
चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को घर ले गया था आरोपी
यह दिल दहला देने वाली घटना 24 नवंबर 2024 को हुगली जिले के गुड़ाप थाना क्षेत्र में हुई थी। पांच साल की बच्ची घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले अशोक सिंह ने कथित तौर पर चॉकलेट का लालच देकर उसे अपने घर बुलाया। बच्ची आरोपी को जानती थी, इसलिए उसके साथ चली गई।
उस समय बच्ची के पिता उसके लिए मांस खरीदने बाजार गए हुए थे। जब वह घर लौटे तो बेटी वहां नहीं मिली। पहले परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। बाद में आसपास के लोगों की मदद से खोजबीन की गई। इसी दौरान पड़ोसी के घर में बच्ची का शव बरामद हुआ। शव को छिपाने के लिए उस पर लकड़ियां, मच्छरदानी और कंबल रखे गए थे। घटना सामने आते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
54 दिनों में पूरी हुई थी सुनवाई
इस मामले में पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए 9 दिसंबर 2024 को चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 11 दिसंबर को चूंचुड़ा की विशेष पॉक्सो अदालत में सुनवाई शुरू हुई। मामले में कुल 27 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी अशोक सिंह को दोषी ठहराया।
15 जनवरी 2025 को अदालत ने उसे दोषी करार दिया और 17 जनवरी को मृत्युदंड की सजा सुनाई। घटना के महज 54 दिनों के भीतर सुनवाई पूरी कर सजा सुनाए जाने की वजह से यह मामला काफी चर्चा में रहा था।
अब हाईकोर्ट ने भी कायम रखा निचली अदालत का फैसला
निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए मामला कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचा था। अब हाईकोर्ट ने दोषी की फांसी की सजा बरकरार रखी है। यानी निचली अदालत की ओर से सुनाई गई मृत्युदंड की सजा को रद्द करने की मांग स्वीकार नहीं की गई। इस फैसले को गुड़ाप की उस मासूम बच्ची के परिवार के लिए न्याय की दिशा में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।