कोलकाता: बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने इसका नाम 'अकवान' (Akvan) रखा है। सोमवार, 16 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसके धीरे-धीरे और शक्तिशाली होने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों में मौसम बदल सकता है।
आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है तूफान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अकवान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक इसके अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच नेल्लोर और तूनी के आसपास दस्तक दे सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल के किन जिलों में होगी बारिश?
चक्रवात अकवान का प्रभाव पश्चिम बंगाल के मौसम पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, 20 और 21 नवंबर को हावड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा कोलकाता समेत गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
ओडिशा और दक्षिण भारत में भी अलर्ट
अकवान के प्रभाव से केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि ओडिशा और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और यानम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। तेलंगाना में भी 20 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
चक्रवात के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब होने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 से 20 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।