टिहरी : उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इनमें चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लोगों के खाई में गिरने की सूचना है। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद SDRF और पुलिस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
गूलर के पास पुल से नीचे गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के समीप बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस व राहत दल मौके पर पहुंच गए।
हादसे में छह लोगों की मौत की जानकारी
एसएसपी के मुताबिक, हादसे में चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, दो अन्य लोगों के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई है। उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।हादसे में अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। बचाव दल लगातार अन्य यात्रियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है।
SDRF की अतिरिक्त टीमें मौके पर तैनात
बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। पुलिस बल के साथ SDRF की टीमें समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। दुर्गम स्थान पर बस गिरने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, यात्रियों को निकालने में जुटी टीमें
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पुलिस और SDRF की टीमें गदेरे में गिरे यात्रियों को तलाशने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता सभी प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालकर उपचार उपलब्ध कराना है।