भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का रोमांच शुरू होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 नवंबर से विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज होगा। टूर्नामेंट से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपनी तैयारियों के संकेत देते हुए अभ्यास मैच में जापान को 4-1 से हरा दिया। इस बीच खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
अभ्यास मैच में भारत की शानदार जीत, पूजा साहू ने दागे दो गोल
सोमवार को भारत और जापान की महिला हॉकी टीमों के बीच अभ्यास मुकाबला खेला गया। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-1 से शिकस्त दी। इस मैच में ओडिशा की पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए। वहीं, नवनीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग ने एक-एक फील्ड गोल दागकर भारत की जीत में योगदान दिया। भारतीय टीम में पहली बार शामिल की गई पूजा साहू का प्रदर्शन खास रहा। इस अभ्यास मैच से भारतीय टीम को मुख्य टूर्नामेंट से पहले नए मैदान पर अपनी तैयारियों और रणनीति को परखने का मौका मिला।
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने तैयारियों की समीक्षा की
मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खेल विभाग, हॉकी इंडिया और मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने पर जोर दिया।
19 नवंबर को खेल परिसर के पहले चरण का होगा लोकार्पण
मंत्री सारंग ने बताया कि 19 नवंबर को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के शुभारंभ के अवसर पर नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित यह परिसर मध्य प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, भविष्य में यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट और कंट्रोल रूम पर विशेष ध्यान
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को देखते हुए मंत्री ने ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट कनेक्टिविटी, तकनीकी संसाधनों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए। आयोजन के दौरान तकनीकी सुविधाओं में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए संबंधित विभागों को पहले से तैयारी करने को कहा गया।
भोपाल में होगी भव्य सिटी ब्रांडिंग
टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल में व्यापक सिटी ब्रांडिंग की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत प्रमुख चौराहों पर स्क्वायर ब्रांडिंग, कटआउट, होर्डिंग और रूट ब्रांडिंग जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थल के आसपास आकर्षक प्रचार सामग्री लगाई जाए, ताकि शहर में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल बने और भोपाल हॉकीमय नजर आए।
उद्घाटन समारोह के लिए प्रवेश, पार्किंग और दर्शक सुविधाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में उद्घाटन समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इसमें प्रवेश और निकास द्वार, मंच, पार्किंग, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, वेन्यू ब्रांडिंग और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था शामिल रही। मंत्री ने दर्शकों, खिलाड़ियों, अतिथियों और विशिष्ट व्यक्तियों के लिए अलग-अलग एवं व्यवस्थित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन स्थल पर सभी को बेहतर अनुभव मिल सके।
भोपाल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल और मध्य प्रदेश के लिए अपनी खेल क्षमताओं और आधुनिक खेल अधोसंरचना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के गौरव से जुड़ा आयोजन है। 19 नवंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में घरेलू मैदान पर भारतीय महिला हॉकी टीम खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी। प्रतियोगिता के साथ ही नाथू बरखेड़ा के नए अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर को भी अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा।