भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस की ओर से ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले यह आयोजन दिल्ली में प्रस्तावित था, लेकिन अब कांग्रेस ने इसे सभी राज्यों में आयोजित करने का फैसला लिया है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
22 नवंबर से शुरू होगा ‘वोट रक्षक’ अभियान
संविधान रक्षा मार्च से पहले कांग्रेस 22 नवंबर से प्रदेश में ‘वोट रक्षक’ अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत हर बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। उसकी जिम्मेदारी मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करना होगा। पार्टी का उद्देश्य मतदाता सूची में नामों की जांच करना और हटाए गए नामों से जुड़े मामलों को सामने लाना है।
29 नवंबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल
कांग्रेस की ओर से 29 नवंबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल भी आयोजित की जाएगी। इसके जरिए पार्टी अपने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी में है। इस तरह 22 नवंबर से शुरू होने वाले वोट रक्षक अभियान, 26 नवंबर के संविधान रक्षा मार्च और 29 नवंबर से प्रस्तावित चौपाल के जरिए कांग्रेस प्रदेश में संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियां तेज करेगी।