नई दिल्ली | उत्तर भारत में सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में हल्का कोहरा, 27 डिग्री तक रहेगा तापमान
देश की राजधानी दिल्ली में आज हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 नवंबर तक सुबह के समय हल्के कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल राजधानी में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
यूपी और बिहार में सुबह-रात कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर सुबह और रात के दौरान सड़कों पर दृश्यता कम होने की आशंका है। बिहार में भी सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है और आसमान में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बढ़ेगी सर्दी
राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से ठंड और तेज हो सकती है। अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। मध्य प्रदेश में आज किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होगी।
बंगाल और ओडिशा में बारिश की संभावना
पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी इलाकों में 20 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा में भी 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में फिर बढ़ सकती हैं बारिश की गतिविधियां
अरुणाचल प्रदेश में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक यहां मौसम की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। असम और मेघालय में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 19 नवंबर से दोनों राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम के कुछ हिस्सों में भी 18 नवंबर को बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है। केरल और माहे में आज कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। वहीं उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। डीप डिप्रेशन के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका के बीच दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज हवाएं, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में माइनस में पहुंचा तापमान
पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। उत्तराखंड के सभी जिलों में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि पहाड़ी इलाकों में कोहरा छा सकता है। बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट आई है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में सुबह तापमान माइनस में दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी, केलंग और कल्पा में भी पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।