टिहरी गढ़वाल | उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की खबर से प्रदेश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 34 यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे गूलर के समीप बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गिर गई। हादसे के समय बस में कुल 34 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद खाई में गिरी बस से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
26 घायलों को ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया
रेस्क्यू टीमों ने अब तक 26 घायल यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा है। वहीं, हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान यात्रियों को सुरक्षित निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर किए गए पोस्ट में कहा गया,
“उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई एक दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर दुख जताया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जिले की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए। फिलहाल गूलर के पास हुए बस हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य और घायलों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।