प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि अपनी कड़ी मेहनत और समझदारी से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। पीएम मोदी ने रक्षा मंत्री के भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की भी सराहना की।
पीएम मोदी ने रक्षा मंत्री के लिए लिखा बधाई संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं। वे अपनी मेहनत और बुद्धिमत्ता के लिए प्रसिद्ध हैं। रक्षा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और हमारी सेनाओं को मजबूत करने में उनका योगदान सराहनीय है। ईश्वर से उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राजनाथ सिंह को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राजनाथ सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा, “रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति को निरंतर सुदृढ़ करने और रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में आप सराहनीय कार्य कर रहे हैं। संगठन से लेकर सरकार तक आपने सभी दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सामाजिक जीवन जीने वालों को प्रेरित किया है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।”
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “भारतीय राजनीति में आदर्श, शुचिता और संयम की प्रतिमूर्ति, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपका पांच दशकों से अधिक का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और नैतिक राजनीति का उज्ज्वल उदाहरण है। प्रभु श्री राम की कृपा आप पर बनी रहे। आपको उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की प्राप्ति हो।”
Comments (0)