देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न से सम्मानित पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर आज शनिवार को देशभर के प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उन्हें नमन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें महान राजनेता और विद्वान बताते हुए कहा कि उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में भारत ने आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नरसिम्हा राव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत में जो आर्थिक उदारीकरण हुआ, उसने देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने लिखा कि ये सुधार मध्यम वर्ग के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण रहे और ‘लुक ईस्ट’ जैसी विदेश नीति पहलों ने भारत की वैश्विक स्थिति को मजबूत किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि नरसिम्हा राव द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों ने देश के लिए समृद्धि के द्वार खोले और उन्हें इस योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भारत रत्न बताते हुए लिखा कि वह भारत के लिए एक महान नेता और प्रेरणास्रोत थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पी.वी. नरसिम्हा राव का दूरदर्शी नेतृत्व भारत के आर्थिक इतिहास में एक नया अध्याय लेकर आया और उनके कार्य आज भी युवाओं को प्रेरणा देते हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें “आर्थिक सुधारों का शिल्पकार” बताते हुए कहा कि उनका योगदान भारत की वैश्विक पहचान को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने में अमूल्य रहा है। गौरतलब है कि पी.वी. नरसिम्हा राव को उनके निर्णायक फैसलों, विशेष रूप से 1991 के आर्थिक सुधारों के लिए जाना जाता है, जिसने भारत को वैश्विक आर्थिक मंच पर मजबूती से खड़ा किया।
Comments (0)