रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज यानी की शनिवार को उत्तराखंड के घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल के स्थापना दिवस और हीरक जयंती समारोह को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान आगाह करते हुए की ये अपील है कि, आज का युद्ध सीमाओं से परे चला गया है, जिसमें देश की सुरक्षा में आर्थिक, डिजिटल, ऊर्जा और यहां तक कि खाने की सुरक्षा भी शामिल है।
हर समय सतर्क और तैयार रहने की जरूरत है
इस दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि, देश की रक्षा के लिए एक मजबूत सेना के साथ-साथ तैयार नागरिकों की भी जरूरत है, जो हर परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रह सकें। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, आज संघर्षों का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. किसी भी राष्ट्र को आर्थिक, साइबर, अंतरिक्ष और सूचना युद्ध के माध्यम से कमजोर किया जा सकता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को हर समय सतर्क और तैयार रहने की जरूरत है।
आने वाली हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें
भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता राजनाथ सिंह ने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, तैयार रहने से मेरा मतलब यह नहीं कि आप केवल किसी युद्ध के लिए ही तैयार रहें, बल्कि तैयार रहने का मेरा मतलब यह है कि आप सामने आने वाली हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें। यह तैयारी मानसिक दृढ़ता की है, ताकि आप कठिन परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखें। यह तैयारी बौद्धिक स्पष्टता की है, ताकि आप सही और गलत में फर्क कर सकें।
सरकार रक्षा बलों को आधुनिक हथियार दे रही
आज शनिवार को उत्तराखंड के घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल के स्थापना दिवस और हीरक जयंती समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि, पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार रक्षा बलों को आधुनिक हथियारों और तकनीकों से लैस करने में जुटी है। साथ ही बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने युवाओं से अनुशासन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से मानसिक मजबूती और बौद्धिक स्पष्टता विकसित करने का आह्वान किया, ताकि वे हर चुनौती का सामना कर सकें।
Comments (0)