प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले कोलकाता में माहौल तनावपूर्ण हो गया। गिरीश पार्क इलाके में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि यह विवाद राज्य की मंत्री डॉ शशि पांजा के घर के आसपास भड़का, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
झड़प में थाना प्रभारी घायल
भाजपा और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में बहूबाजार थाना प्रभारी बप्पादित्य नस्कर घायल हो गए। बताया गया कि पथराव के दौरान उनके कंधे पर ईंट लगने से चोट आई है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
भाजपा का आरोप – बसों में की गई तोड़फोड़
भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि तृणमूल समर्थकों ने ब्रिगेड ग्राउंड जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों को रोका और उन पर पथराव किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस घटना में एक बस के शीशे टूट गए और एक कार्यकर्ता का सिर फट गया। भाजपा का यह भी दावा है कि पथराव में पार्टी नेता तमघ्न घोष समेत कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं।
TMC का पलटवार – मंत्री के घर पर हमला
वहीं ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि भाजपा समर्थकों ने मंत्री डॉ. शशि पांजा की कार और उनके घर पर हमला किया। डॉ. पांजा के मुताबिक उनके घर के रिसेप्शन एरिया में तोड़फोड़ की गई और खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में एक दर्जन से अधिक तृणमूल कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें भी इस हमले में चोट लगी है।
ड्राइवर से मारपीट का भी आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड जा रही बस के ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों दलों के समर्थक सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं और हालात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
Comments (0)