पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। चुनाव आयोग कभी भी राज्य में चुनाव की घोषणा कर सकता है, ऐसे में प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच बयानबाज़ी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल और भी गरमाता दिखाई दे रहा है।
बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिख चुका है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि, ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, यह ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी और उसका नतीजा क्या हुआ, अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। इसके साथ ही उन्होंने आगे ऐलान करते हुए कहा कि, आज यहां से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिख चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है।
बंगाल की निर्मम सरकार बौखला गई है
पीएम मोदी ने परिवर्तन संकल्प यात्रा में आगे राज्य की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा। अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। उन्होंने आगे कहा कि, कल TMC ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को 'चोर' कहकर गाली दी है, असली चोर कौन है यह बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है।
बंगाल में फिर से कानून का राज होगा
प्रधानमंत्री ने आगे हुंकार भरते हुए कहा कि, आज भी इस विशाल सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर निकलवाए लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो- आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। टीएमसी सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि, बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। वह दिन दूर नहीं जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा।
अब बंगाल का विकास नेक नीयत से होगा
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे अपने इस संबोधन में कहा कि, अब बंगाल का विकास नेक नीयत से होगा, सही नीतियों से होगा, बंगाल में अभी हमारी सरकार नहीं है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार के ज़रिए भाजपा बंगाल के विकास में लगी है... अभी हमने 18 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया है।
Comments (0)