रायपुर। होली त्योहार के मद्देनज़र डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ सहित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
4 मार्च को होली के अवसर पर शासकीय अवकाश के कारण अस्पताल में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी सेवा पूर्ववत 24 घंटे संचालित होती रहेगी। त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
अधीक्षक डॉ. सोनकर ने निर्देश दिए हैं कि इमरजेंसी विभाग में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और समस्त मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार को देखते हुए अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी विभाग में रेफर किया जाएगा। इसके लिए अम्बेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस परिवहन सेवा उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली मनाने की अपील की है। किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीज सीधे अम्बेडकर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में पहुंचकर उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
Comments (0)