पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है और राज्य की राजनीतिक हवा पहले से ही गरम है। अब टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बयान ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है। सिन्हा ने आरोप लगाया कि बीजेपी जहां भी चुनाव जीतती है, वह वोट चोरी करके जीतती है। उनके इस बयान ने राज्य और केंद्र दोनों जगह राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
ममता बनर्जी बंगाल की मां, बहन और बेटी हैं
आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व और प्रभाव पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में "कोई प्रतिस्पर्धा नहीं" है। सांसद ने कहा कि, पूरी दुनिया मानती है कि बंगाल, ममता बनर्जी के नेतृत्व और टीएमसी की पकड़ के मामले में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। जब बंगाल की प्रतिष्ठा का सवाल उठता है, तो बंगाल की जनता एकजुट होकर खड़ी होती है और जानती है कि ममता बनर्जी बंगाल की मां, बहन और बेटी हैं।
बीजेपी वोट की चोरी कर के जीत हासिल करती है
TMC के सांसद ने कहा कि, R.G कॉलेज की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन टीएमसी और ममता बनर्जी का इससे कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने आगे बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, बीजेपी बंगाल में नहीं जीतेगी। उन्होंने आगे कहा कि हर जगह बीजेपी वोट की चोरी कर के जीत हासिल करती है। इतिहास में पहली बार चुनावों के दौरान बंगाल से 50 से ज्यादा अधिकारियों के तबादला किया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे। दोनों चरणों के वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। चुनाव आयोग के अनुसार, 152 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाले पहले चरण का मतदान 30 मार्च को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगा। इस चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी। उम्मीदवारों को 9 अप्रैल तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा।
दूसरे चरण के लिए 142 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं
दूसरे चरण के लिए, जिसमें 142 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, राजपत्र अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 13 अप्रैल तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं, जिनमें से मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होने की संभावना है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी 2011 से राज्य में सत्ता में है।
ममता बनर्जी भाबनीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी
2021 के विधानसभा चुनाव की तरह, इस बार भी ममता बनर्जी भाबनीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी, जहां उनका मुकाबला एक बार फिर भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल के विपक्ष नेता सुवेंदु अधिकारी से होगा। अधिकारी ने 2021 के पश्चिम बंगाल चुनावों में भी नंदीग्राम से ममता को चुनौती दी थी, जहां उन्होंने 1956 वोटों से जीत हासिल की थी। ममता की हार के बाद, टीएमसी सुप्रीमो ने भाबनीपुर से उपचुनाव लड़ा, क्योंकि विधायक शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने सीट से इस्तीफा दे दिया था।
2021 के चुनाव आठ चरणों में हुए थे
2021 के चुनाव आठ चरणों में हुए थे। टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की, जबकि भाजपा ने 77 सीटें जीतीं। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (तमांग) को एक सीट और भारतीय धर्मनिरपेक्ष मोर्चा को एक-एक सीट मिली। कांग्रेस और वाम मोर्चा को चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी 2011 से पश्चिम बंगाल में सत्ता में है।
Comments (0)