पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 144 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने प्रमुख नेता शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष को भी टिकट दिया है। भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को दो अहम सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया है।
ममता बनर्जी के गढ़ में सीधी चुनौती
भवानीपुर वही विधानसभा सीट है, जहां से ममता बनर्जी ने पिछला चुनाव जीता था। ऐसे में भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को यहां से उतारकर तृणमूल कांग्रेस को सीधी चुनौती देने की रणनीति अपनाई है।
2021 में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराया था
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को लगभग 2000 वोटों से हराया था। मतगणना के 17 राउंड पूरे होने के बाद उनकी जीत की घोषणा की गई थी। उस समय ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए थे।
हार के बाद भवानीपुर से जीती थीं ममता
नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा था और जीत हासिल कर दोबारा विधानसभा में पहुंची थीं। अब भाजपा ने एक बार फिर शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारकर मुख्यमंत्री को कड़ी टक्कर देने की रणनीति बनाई है।
Comments (0)