पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों के बीच झड़प और पथराव की घटना सामने आई है। यह विवाद उस समय भड़का जब नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली के लिए भाजपा समर्थक बसों से सभा स्थल की ओर जा रहे थे।
मंत्री शशि पांजा का आरोप – घर पर हुआ हमला
राज्य सरकार की मंत्री डॉ शशि पांजा ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की रैली में जा रही कुछ बसों में ईंट, कांच की बोतलें और बम रखे गए थे। उन्होंने दावा किया कि बाहरी लोगों के साथ कुछ उपद्रवियों ने गिरीश पार्क मेन रोड स्थित उनके घर पर हमला किया और इलाके में तनाव पैदा करने की कोशिश की।
भाजपा का आरोप – बसों पर पथराव, नेता घायल
वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि डॉ. शशि पांजा के घर के सामने तृणमूल समर्थकों ने पीएम मोदी की रैली में जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों पर पथराव किया। पार्टी का आरोप है कि बसों में तोड़फोड़ की गई, ड्राइवर के साथ मारपीट हुई और भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा ने दावा किया कि उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमघ्न घोष पर भी जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। पार्टी ने कुछ वीडियो भी जारी किए हैं, जिनमें घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल में इलाज कराते हुए दिखाया गया है।
इलाके में RAF तैनात
घटना के बाद हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच शुरू हुई झड़प को कुछ समय के लिए नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन बाद में फिर तनाव की खबर सामने आई।
थाना प्रभारी भी घायल
झड़प के दौरान बहूबाजार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी भी घायल हो गए। उनके कंधे में ईंट लगने से चोट आई है। हालांकि, इस घटना को लेकर दोनों राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
TMC का बयान – राजनीतिक रैली हिंसा का लाइसेंस नहीं
तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों की ओर से फेंकी गई ईंट से बहूबाजार थाना प्रभारी घायल हुए हैं। पार्टी ने कहा कि राजनीतिक रैली को हिंसा का लाइसेंस नहीं बनाया जा सकता। तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने मंत्री डॉ. शशि पांजा के घर पर पत्थरबाजी की और मुख्य गेट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पार्टी का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के जरिए राज्य में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
Comments (0)