कानपुर: कानपुर में मंगलवार रात करीब 9 बजे एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। आग के बीच लगातार धमाकों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं। घटना के बाद फैक्ट्री और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:20 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
रूमा के यूपीएसआईडीसी एरिया में लगी आग
आग लगने की घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र की है। मंगलवार रात करीब 9 बजे केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगीं। बीच-बीच में धमाकों की आवाजें भी आती रहीं।
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। पुलिस और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे तक आग बुझाने के लिए मशक्कत की। आखिरकार रात 12:20 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
आसपास की फैक्ट्रियों से कर्मचारियों को निकाला गया
जिस इलाके में आग लगी, वहां आसपास कई अन्य फैक्ट्रियां भी संचालित हैं। आग और धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि जिस केमिकल फैक्ट्री में आग लगी, वहां उस समय काम नहीं हो रहा था।
आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा
फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। आग कहां से शुरू हुई और इसकी वजह क्या थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।