लखनऊ: संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके सामाजिक परिवर्तन के मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी बहुजन समाज की सत्ता में भागीदारी अधूरी है। मायावती ने सवाल उठाया कि दलित, आदिवासी, पिछड़े और अन्य उपेक्षित वर्गों के लोग आज भी सत्ता की मास्टर चाबी से दूर क्यों हैं।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखी और कहा कि डॉ अंबेडकर ने देश में बहुजन समाज के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों व अन्य उपेक्षितों को, जातिवादी शोषण से मुक्ति दिलाकर, उन्हें चुनाव व लोकतंत्र द्वारा ’शासक वर्ग’ बनाने के लिये आजीवन कड़ा संघर्ष किया. लेकिन उन सबके मसीहा बाबा साहेब का ’आत्म-सम्मान व स्वाभिमान’ का मिशन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाने के कारण आज भी अधूरा है.
'सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे विकास के दरवाजे खुलते हैं'
मायावती ने आज संविधान दिवस के दिन बहुजन समाज को इस पर सोच-विचार व गंभीर चिन्तन करने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि डॉ अंबेडकर ने संदेश दिया था कि ’सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक़्क़ी, विकास के तमाम बन्द दरवाज़े खुल जाते हैं’, देश की आज़ादी के इतने लम्बे अर्से के बाद तथा उनके द्वारा बनाये गये मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान के होने के बावजूद भी, बहुजनों से दिल्ली की सत्ता इतनी दूर क्यों हैं?
आरक्षण, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य के मुद्दे उठाए
मायावती ने आरोप लगाया कि केंद्र में अब तक की सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व, गरीबी, बेरोज़गारी, शिक्षा, स्वास्थ्य व आत्म-सम्मान आदि की अति-महत्वपूर्ण बुनियादी ज़रूरतों को, क्या ईमानदारी व निष्ठा के साथ नहीं निभाया तो उसका हिसाब-किताब अभी तक क्यों नहीं हुआ? संविधान सभा में समापन भाषण में बाबा साहेब ने कहा था कि जातियाँ देश-विरोधी हैं, जातिवाद का परित्याग ज़रूरी है तथा भारत को देश से राष्ट्र में बदलने हेतु ठोस उपाय करने होंगे.
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि हमें राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं हो जाना चाहिये बल्कि सामाजिक व आर्थिक लोकतंत्र भी देश के सम्पूर्ण व समग्र विकास के लिये ज़रूरी है, जिस समता, समानता एवं बंधुता की बेहतरीन मिसाल बसपा ने उत्तर प्र्रदेश में अपने चारों शासनकाल में ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त पर चलकर यहाँ ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ का सुखद सूत्रपात किया, मज़बूत बुनियाद डाली है.
आगामी चुनाव को लेकर भी दिया संदेश
आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए बसपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब में विधानसभा आमचुनाव काफी नजदीक है. इसलिए बाबा साहब की मंशा को जमीन पर उतारना ज़रूरी है, जो सर्वसमाज का हित एवं उनके जान, माल व मज़हब आदि सुरक्षित रखने की गारंटी एकमात्र बसपा की तरक्की और उसके द्वारा ’बहुजन समाज’ के उत्थान से ही संभव है.
बसपा को विरोधी दलों, जातिवादी तत्वों व घोर स्वार्थी संगठनों आदि के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि अनेकों प्रकार के हथकण्डों का सामना करते हुए सत्ता की मंज़िल तक पहुँचाना ज़रूरी है, ताकि यूपी में क़ानून द्वारा क़ानून का आयरन राज तथा जनहित, जनकल्याण व विकास के मामलों में भी ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की बेहतरीन हुकूमत स्थापित हो सके.
तभी बाबा साहेब के संविधान का कल्याणकारी राज्य का सपना काफी हद तक साकार होगा. आज ’संविधान दिवस’ पर लोगों का यही संकल्प हो तो यह देश व जनहित में होगा. बसपा पंजाब यूनिट ने जालंधर के फिल्लौर में संविधान दिवस पर जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें आकाश आनन्द मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे हैं.