लखनऊ: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार (28 नवंबर) को प्रदेश में दो महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया है। इनमें प्रदेश चुनाव समिति और राजनीतिक मामलों की समिति शामिल हैं। यूपी कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना को प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, दोनों समितियों में सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला और अजय राय समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इन समितियों के गठन को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आराधना मिश्रा-मोना को प्रदेश चुनाव समिति की कमान
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।इस समिति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला और अजय राय को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी इसमें शामिल किया गया है।
राजनीतिक मामलों की समिति में कई दिग्गज शामिल
प्रदेश चुनाव समिति के साथ कांग्रेस ने राजनीतिक मामलों की समिति यानी पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी का भी गठन किया है। इसमें प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा-मोना, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह और राजीव शुक्ला को शामिल किया गया है।इसके अलावा इमरान प्रतापगढ़ी, अजय राय, राज बब्बर, बृजलाल खाबरी, प्रदीप जैन आदित्य, राशिद अल्वी, जफर अली नकवी, बेगम नूर बानो और दानिश अली को भी समिति में जगह दी गई है।पदेन सदस्यों के रूप में सुप्रिया श्रीनेत, जितेंद्र बघेल और मनोज त्यागी को शामिल किया गया है।
चुनाव समिति में इन नेताओं को मिली जगह
कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति में कई अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, राजीव शुक्ला, इमरान प्रतापगढ़ी, अजय राय, निर्मल खत्री, सलमान खुर्शीद और राज बब्बर शामिल हैं।इसके अलावा अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, प्रदीप जैन आदित्य, अनिल शास्त्री, बेगम नूर बानो और जफर अली नकवी को भी समिति में जिम्मेदारी दी गई है।
सपा के साथ गठबंधन की कोशिश में कांग्रेस
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनाने में मुश्किलें सामने आ रही हैं।इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के बाद गठबंधन की बातचीत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
चुनावी रणनीति तैयार करने पर कांग्रेस का फोकस
दो समितियों के गठन के जरिए कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को संगठनात्मक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकेत दिया है। राजनीतिक मामलों की समिति में अनुभवी नेताओं को शामिल कर पार्टी चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और रणनीति पर चर्चा करेगी।अब देखना होगा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और दोनों दल सीट बंटवारे पर कब तक सहमति बना पाते हैं।