हल्द्वानी : बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। कोर्ट की सुनवाई और संभावित फैसले के मद्देनजर बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिस का मुख्य फोकस किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस अधिकारियों और जवानों की हुई ब्रीफिंग
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग की गई। एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने जवानों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के फैसले के बाद किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दो सुपर जोन और चार जोन में बांटा गया क्षेत्र
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बनभूलपुरा क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में बांटा गया है। सुरक्षा की कमान संभालने के लिए पांच सीओ तथा 15 इंस्पेक्टर और एसओ समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था में दो कंपनी पीएसी को भी लगाया गया है। संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए दो ड्रोन टीमों को तैनात किया गया है।
फायर ब्रिगेड और एंटी रॉयट टीम भी रहेगी तैयार
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता एंटी रॉयट टीम और टियर गैस टीम भी तैयार रहेगी।
ड्रोन के जरिए बनभूलपुरा क्षेत्र की छतों गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस की कोशिश है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी बढ़ा दी है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें।