लखनऊ: उत्त प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है और अब सर्दी की आहट महसूस होने लगी है। प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके अलावा, 28 अक्टूबर से पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
पश्चिमी यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है।इन इलाकों में दोपहर के बाद आसमान में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर, नोएडा, आगरा और अलीगढ़ में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां दिन के समय आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है।
लखनऊ समेत इन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
राजधानी लखनऊ में 24 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है।लखनऊ के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, अमेठी और हरदोई समेत आसपास के जिलों में भी बारिश का अलर्ट नहीं है। इन इलाकों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और शाम के समय तापमान में अंतर के कारण हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
27 अक्टूबर तक कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में 27 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।हालांकि, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश के लोगों को बदलते मौसम का असर महसूस हो सकता है।
28 अक्टूबर से पूर्वांचल में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 28 अक्टूबर से मौसम एक बार फिर बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।बारिश की संभावना वाले जिलों में सोनभद्र, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर और चित्रकूट समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे मौसम में लोगों को सावधानी बरतने और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड
प्रदेश में फिलहाल सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है। वहीं, 28 अक्टूबर से पूर्वांचल में संभावित बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।