सीवान: बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार को पटाखों में आग लगने से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। घटना जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव की है। हादसे में आठ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि सीवान के पुलिस अधीक्षक ने पांच मौतों की पुष्टि की है। पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
पटाखों में आग लगने के बाद लगातार हुए धमाके
जानकारी के अनुसार, आलमापुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। उन्हें पटाखों का कारोबारी बताया जा रहा है। घटना के समय मकान में कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान पटाखों में आग लग गई और आग ने वहां रखे अन्य पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया।इसके बाद मकान में लगातार विस्फोट होने लगे। धमाके इतने तेज थे कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
करीब दो घंटे तक सुनाई देते रहे धमाके
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद करीब दो घंटे तक रह-रहकर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। धमाकों की तीव्रता के कारण मकान को भारी नुकसान पहुंचा।हादसे की भयावहता के चलते कुछ शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने और उनकी पहचान करने में परेशानी आने की सूचना है।
पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर तैनात
सीवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस की कई टीमें और मेडिकल टीम तैनात हैं। राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
मकान में रखे पटाखों में आग कैसे लगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा।