देहरादून : उत्तराखंड में मानसून अभी पूरी तरह विदा नहीं हुआ है लेकिन बारिश और आपदा के कारण प्रदेश में हुए नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। मानसूनी बारिश का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर पर पड़ा है। लोक निर्माण विभाग PWD के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक इस मानसून सीजन में राज्य की सड़कों और उनसे जुड़े निर्माण कार्यों को करीब 250 से 300 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है।
विभाग के पोर्टल पर फिलहाल करीब 125 से 130 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है। हालांकि विभाग का मानना है कि यह आंकड़ा अंतिम नहीं है। कई स्थानों पर सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों को नुकसान पहुंचा है लेकिन सड़कें पूरी तरह बंद नहीं हुईं। ऐसे में इन क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी नुकसान के आकलन में शामिल किए जाने के बाद वास्तविक नुकसान की राशि बढ़ सकती है।
पहाड़ से मैदान तक बारिश का असर
इस मानसून सीजन में प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश ने जमकर कहर बरपाया। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण कई सड़कें बाधित हुईं जबकि कई स्थानों पर सड़कें धंसने से यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा सड़कों की सुरक्षा के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवारों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ तो कहीं सड़क किनारे की जमीन खिसकने से मार्ग की चौड़ाई कम हो गई। कुछ जगहों पर मलबा आने से आवाजाही बाधित हुई जिसे विभागीय टीमों ने मौके पर पहुंचकर हटाया।