कोलकाता: कोलकाता के 9, कैमाक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय परिसर में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कोलकाता नगर निगम (KMC) और पुलिस की टीम कथित तौर पर अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक बिलबोर्ड हटाने पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीएमसी नेताओं और समर्थकों की पुलिस व निगम अधिकारियों के साथ तीखी झड़प हो गई। हंगामे के दौरान टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन के सीढ़ियों पर गिरने की बात सामने आई। घटना के बाद शेक्सपियर सरणी थाने में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर तीन FIR दर्ज की गईं। पुलिस ने मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है।
KMC की शिकायत पर पहली FIR
पहली FIR KMC के विज्ञापन विभाग के उप प्रबंधक सुदीप कुमार बोस की शिकायत पर दर्ज की गई। इसमें अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, हुमायूं कबीर, विश्वनाथ चट्टोपाध्याय समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। शिकायत में आरोप है कि कैमाक स्ट्रीट स्थित इमारत से बिलबोर्ड हटाने पहुंचे KMC अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को काम करने से रोका गया, उनके साथ मारपीट की गई और सरकारी उपकरणों व औजारों को छीन लिया गया।
महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी का आरोप
दूसरी FIR में पुलिस टीम के साथ कथित धक्का-मुक्की और महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, KMC अधिकारियों की सहायता के लिए पहुंची टीम के साथ भीड़ ने कथित तौर पर हाथापाई की। FIR में महिला पुलिसकर्मी की गरिमा भंग करने के प्रयास और अधिकारियों को धमकी देने के आरोप भी शामिल किए गए हैं।
पुलिसकर्मियों पर हमला और वायरलेस सेट छीनने का आरोप
तीसरी FIR पार्क स्ट्रीट थाने के सार्जेंट सुजीत कुमार मोंडल की शिकायत पर दर्ज हुई। शिकायत के अनुसार, कैमाक स्ट्रीट में हुए हंगामे के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस घटना में सार्जेंट सुजीत कुमार मोंडल, SI डी.के. शॉ और कांस्टेबल अमिताभ साहा के घायल होने का दावा किया गया है। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान एक सरकारी वायरलेस सेट भी छीन लिया गया। घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज कराया गया।
अभिषेक बनर्जी ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक प्रतिशोध
घटना को लेकर अभिषेक बनर्जी और TMC ने KMC तथा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि कार्यालय में कार्रवाई उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई और इसे राजनीतिक प्रतिशोध के तौर पर अंजाम दिया गया। TMC की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की में डेरेक ओ'ब्रायन गिर गए। पार्टी ने मामले को लेकर कानूनी रास्ता अपनाने की बात कही है।
BJP ने KMC की कार्रवाई का किया समर्थन
वहीं, भाजपा नेताओं ने KMC की कार्रवाई का समर्थन किया है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत विपक्षी नेताओं ने कहा कि यदि बिलबोर्ड नियमों के खिलाफ था, तो नगर निगम को कानून के तहत कार्रवाई करने का अधिकार है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी निभाने से रोकने के लिए हंगामा किया गया।
गैस कटर से हटाया गया बिलबोर्ड
हंगामे और विरोध के बावजूद KMC की टीम ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से इमारत की छत पर लगे तृणमूल के प्रतीक चिन्ह वाले बड़े इलेक्ट्रॉनिक होर्डिंग को हटा दिया। घटना के बाद कैमाक स्ट्रीट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले में दर्ज तीनों FIR के आधार पर जांच कर रही है और गिरफ्तार किए गए 13 लोगों से पूछताछ जारी है।