कोलकाता: कोलकाता के कैमैक्स स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर में गुरुवार तड़के तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगा है। तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना के पीछे बीजेपी से जुड़े लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि सुबह करीब साढ़े चार बजे कुछ लोग दफ्तर में घुसे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के साथ ही फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल ले जाने का आरोप
तृणमूल कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने कार्यालय में मौजूद पार्टी कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। इसके अलावा दफ्तर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को भी नुकसान पहुंचाने और कुछ सामान ले जाने का आरोप लगाया गया है।
अभिषेक बनर्जी ने CCTV फुटेज जारी कर कार्रवाई की मांग की
घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने CCTV फुटेज के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अभिषेक ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की भी मांग की है।
पुलिस को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई में देरी का आरोप
अभिषेक बनर्जी का आरोप है कि पार्टी कार्यकर्ताओं और वकीलों की ओर से फोन और ई-मेल के जरिए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद करीब दो घंटे तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इस देरी को गंभीर मामला बताया है।
‘हमले की पूरी साजिश की जांच हो’
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह पता लगाया जाना जरूरी है कि हमले की योजना किसने बनाई, इसे किसने अंजाम देने के लिए संगठित किया और इसके पीछे किसका निर्देश था। उन्होंने यह भी कहा कि समय पर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसकी जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।
TMC ने घटना को बताया ‘पूर्व नियोजित हमला’
तृणमूल कांग्रेस ने कैमैक्स स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय में हुई तोड़फोड़ को पूर्व नियोजित हमला करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी बुधवार रात दिल्ली के लिए रवाना हो चुके थे और उनके शहर से बाहर होने की जानकारी के बाद ही दफ्तर को निशाना बनाया गया।
एयर प्यूरीफायर, प्रिंटर और टीवी ले जाने का दावा
कालीघाट तृणमूल की ओर से दावा किया गया है कि हमले के दौरान कार्यालय में मौजूद एयर प्यूरीफायर, प्रिंटर, टीवी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब हैं। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
TMC के सोशल मीडिया पोस्ट में बीजेपी पर सीधा हमला
घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए भी बीजेपी पर निशाना साधा। पार्टी की ओर से सवाल किया गया कि हमलावरों को दफ्तर का पूरा लेआउट और अंदर का हर हिस्सा कैसे पता था। पोस्ट में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी पर भी राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
कुछ दिनों से विवादों में है कैमैक्स स्ट्रीट का दफ्तर
अभिषेक बनर्जी का कैमैक्स स्ट्रीट स्थित कार्यालय पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में है। दरअसल, पिछले गुरुवार को कोलकाता नगर निगम के अधिकारी पुलिस के साथ यहां लगे एक बिलबोर्ड को हटाने पहुंचे थे। निगम की ओर से दावा किया गया था कि बिलबोर्ड नियमों के अनुरूप नहीं था और खतरनाक तरीके से लटका हुआ था।
बिलबोर्ड विवाद में भी पुलिस कार्रवाई
बिलबोर्ड हटाने के दौरान निगमकर्मियों को कथित तौर पर काम में बाधा देने का आरोप तृणमूल नेताओं और समर्थकों पर लगा था। इसी मामले में अभिषेक बनर्जी समेत कई लोगों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है। बुधवार को भी अभिषेक के एक सहयोगी ने शेक्सपियर सरणी थाने में पहुंचकर पुलिस के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
कैमैक्स स्ट्रीट स्थित TMC कार्यालय में कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।