कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नगर विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल बुधवार सुबह अचानक एक्शन मोड में नज़र आईं। राजधानी कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट, पार्क स्ट्रीट, न्यू मार्केट और सेंट्रल एवेन्यू जैसे प्रमुख इलाकों का औचक दौरा करते हुए उन्होंने फुटपाथों पर फैली अव्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया।सुबह-सुबह सप्राइज विजिट पर निकलीं मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आम पैदल यात्रियों के रास्ते को बाधित करके किसी भी सूरत में व्यापार करने की छूट नहीं दी जाएगी।
24 घंटे के भीतर दुकानें एक कतार में लाने का हुक्म
कॉलेज स्ट्रीट से निरीक्षण शुरू कर धर्मतला होते हुए पार्क स्ट्रीट पहुंचीं अग्निमित्रा पॉल ने वहां एक फूड स्टॉल का जायजा लिया, जहां फुटपाथ पर दो से तीन लाइनों में दुकानें सजाई गई थीं। इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा:"यदि फुटपाथ पर दो या तीन कतारों में दुकानें लगाई जाएंगी, तो आम नागरिक चलेंगे कहां से? फुटपाथ पर केवल एक ही कतार में दुकानें लगाने की अनुमति होगी।" उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सभी दुकानों को व्यवस्थित कर एक लाइन में लाने का सख्त निर्देश दिया।

'पूजा से पहले बेदखली नहीं, लेकिन नियम मानना अनिवार्य'
मंत्री ने साफ किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आगामी दुर्गा पूजा से पहले किसी भी हॉकर्स को हटाया या बेदखल नहीं किया जाएगा। हालांकि, फुटपाथों को पूरी तरह से घेरकर मनमानी करने की अनुमति नहीं होगी और दुकानदारों को पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह छोड़नी ही पड़ेगी।
कॉलेज स्ट्रीट (बॉय पाड़ा) के री-डेवलपमेंट का मास्टरप्लान
इस दौरान कोलकाता नगर निगम (KMC) की कमिश्नर स्मिता पांडे सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने ऐतिहासिक कॉलेज स्ट्रीट को आधुनिक रूप से सजाने की योजना दोहराई:
- नो-व्हीकल ज़ोन: कॉलेज स्ट्रीट की कुछ अंदरूनी सड़कों को 'नो व्हीकल ज़ोन' के रूप में चिह्नित किया जाएगा, जहां केवल साइकिलें और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैटरी कारें ही चल सकेंगी।
- मुख्य सड़क पर यातायात बहाल: मुख्य कॉलेज स्ट्रीट मार्ग को ट्रैफिक के लिए खुला रखा जाएगा क्योंकि वहां कई प्रमुख स्कूल और कॉलेज स्थित हैं।
- किताबों की दुकानों का सुंदरीकरण: किताबों के स्टालों को विशेष डिजाइन में विकसित किया जाएगा, तथा इस क्षेत्र में पुस्तकों और पठन-सामग्री के अतिरिक्त अन्य दुकानों को सीमित करने पर जोर दिया जाएगा।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि शहर की जल निकासी, सड़कों और नागरिक सेवाओं में सुधार के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।