भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अभिषेक बनर्जी भारत के कानून से ऊपर नहीं हैं। यदि किसी भवन या पार्टी कार्यालय का निर्माण अवैध तरीके से हुआ है और नोटिस देने के बाद भी उसे नियमित नहीं किया गया, तो नियमानुसार उसे तोड़ा जाएगा।
अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई का दावा
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। अभिषेक बनर्जी का नाम इसलिए सामने आ रहा है क्योंकि उन्हें “युवराज” कहा जाता है। राज्य में मौजूद अन्य अवैध निर्माणों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाएगी और तारातला जैसी घटना दोबारा नहीं होने दी जाएगी।
डिजिटल होर्डिंग की तैयारी
अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि अवैध विज्ञापन होर्डिंग की जगह अब डिजिटल होर्डिंग लगाने की व्यवस्था की जा रही है। राज्य की विभिन्न प्रमुख सड़कों पर चरणबद्ध तरीके से डिजिटल होर्डिंग लगाए जाएंगे।
तालाब भराई के मामलों पर चेतावनी
उन्होंने कहा कि ‘मुखोमुखी’ कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने तालाब भरकर निर्माण किए जाने की शिकायत की है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
राजीव बनर्जी पर भी साधा निशाना
राजीव बनर्जी को लेकर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि वे चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली गए थे और गृह मंत्री से मुलाकात कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की थी। चुनाव हारने के बाद उनका तृणमूल में लौटना आम जनता ने सकारात्मक रूप से नहीं लिया।
BSF को जमीन देने पर क्या बोलीं?
उन्होंने कहा कि हर कैबिनेट बैठक में BSF को जमीन देने के प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। यह केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम है।