कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान अभिनेता प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय के बालीगंज स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के बीच हुई। अमित शाह करीब 15 मिनट तक प्रसेनजीत के घर पर रहे।
पहले दी श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि
रविवार को अमित शाह ने सबसे पहले इको पार्क से निकलकर आशुतोष मुखोपाध्याय के आवास का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर अभिनेता प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय के घर पहुंचे।
नेताओं की भी रही मौजूदगी
इस दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और भाजपा नेता निशीथ प्रमाणिक भी अमित शाह के साथ मौजूद रहे। मुलाकात के बाद लॉकेट चटर्जी ने बताया कि यह पूरी तरह एक शिष्टाचार भेंट थी।
फिल्मों पर हुई चर्चा, टॉलीवुड पर नहीं
लॉकेट चटर्जी ने बताया कि इस दौरान प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय को कुछ पुस्तकें भेंट की गईं। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान फिल्मों को लेकर चर्चा हुई, लेकिन टॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े किसी भी मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई।
पद्म सम्मान के बाद दिया था निमंत्रण
प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय को इस वर्ष पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करने के दौरान उन्होंने अमित शाह को अपने घर आने का निमंत्रण दिया था। अमित शाह ने भी कोलकाता आने पर उनके घर पहुंचने का वादा किया था, जिसे उन्होंने इस दौरे के दौरान पूरा किया।
पहले भी दिखे थे राजनीतिक कार्यक्रम में
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुए सत्ता परिवर्तन के समय प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय को सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में भी देखा गया था। इस बार अमित शाह की यह मुलाकात एक औपचारिक और सौजन्य भेंट के रूप में सामने आई।