कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर एक दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा के लिए यह दौरा राजनीतिक और वैचारिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पर करेंगे श्रद्धांजलि अर्पित
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर में कोलकाता पहुंचने के बाद शाम करीब 4:20 बजे भवानीपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास जाएंगे। यहां वे भारत के महान शिक्षाविद, राष्ट्रवादी नेता और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इको पार्क में प्रतिमा निर्माण का करेंगे भूमि पूजन
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री न्यूटाउन स्थित इको पार्क पहुंचेंगे, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रस्तावित प्रतिमा के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम को भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी वैचारिक विरासत और संगठनात्मक विस्तार के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में देख रही है।
विश्व बांग्ला मेला में विशेष समारोह को करेंगे संबोधित
शाम करीब सात बजे अमित शाह विश्व बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित विशेष श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होंगे। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद दिल्ली लौटेंगे गृह मंत्री
दिनभर के सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद अमित शाह शाम करीब 7:20 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।