कोलकाता: कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उत्तर कोलकाता के सुकिया स्ट्रीट स्थित राममोहन लाइब्रेरी के सामने बनाए गए स्मारक स्थल के चबूतरे में देर रात तोड़फोड़ की गई। इस घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
भाजपा ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा का आरोप है कि सोमवार को स्थापित होने वाली डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और गोपाल मुखर्जी (गोपाल पाठा) की प्रस्तावित प्रतिमाओं के लिए तैयार किए गए चबूतरे को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि टीएमसी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आधी रात को औजारों से किया गया नुकसान
जानकारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा द्वारा तैयार कराए गए स्मारक स्थल पर नामपट्ट लगाने वाले हिस्से को सब्बल और फावड़े जैसे भारी औजारों से तोड़ दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार रात करीब 11:45 बजे तक संगमरमर लगाने का काम पूरा हो चुका था, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने पूरे ढांचे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
भाजयुमो ने दर्ज कराई शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद भाजपा युवा मोर्चा ने अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज तथा ट्रैफिक कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फिलहाल किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आज कोलकाता पहुंचेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचेंगे। वह भवानीपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद न्यूटाउन के इको पार्क में डॉ. मुखर्जी की प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा का भूमि पूजन करेंगे और विश्व बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
बारिश बन सकती है दौरे में चुनौती
मौसम विभाग ने सोमवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अमित शाह के कार्यक्रमों पर मौसम का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने दौरे को लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं।