कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बेहाला इलाके के पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्षद अंजन दास को गर्भवती महिला से मारपीट के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। परनश्री थाना पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अंजन दास के बयान में कई तरह की विसंगतियां सामने आने के बाद जांच अधिकारियों ने गिरफ्तारी का फैसला लिया।
साथी भोला दास भी गिरफ्तार
इस मामले में अंजन दास के करीबी सहयोगी भोला दास को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में कथित रूप से शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
2020 की घटना को लेकर लगाए गए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता, जो भाजपा समर्थक हैं, ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार भाजपा का समर्थन करता है। इसी राजनीतिक रंजिश के चलते वर्ष 2020 में उनके परिवार पर कई बार हमला किया गया और लगातार धमकियां दी गईं। महिला का आरोप है कि वह उस समय गर्भवती थीं और इसी दौरान अंजन दास ने उनके पेट पर लात मारी थी। साथ ही आरोप है कि उनके घर जाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच
लालबाजार सूत्रों के मुताबिक, पूर्व टीएमसी पार्षद अंजन दास के खिलाफ दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। आवश्यक प्रारंभिक साक्ष्य जुटाने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस हिरासत की मांग करेगी पुलिस
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंजन दास को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। मामले की जांच फिलहाल जारी है।