कोलकाता: दक्षिण 24 परगना जिले के बुइता ग्राम पंचायत में अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं मिलने पर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। वीबीओ-1 क्षेत्र की महिलाओं ने पंचायत कार्यालय का घेराव कर पंचायत सचिव के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि उनकी पात्रता के बावजूद योजना के फॉर्म जानबूझकर नहीं भरे गए, जिससे उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची।
फॉर्म न भरने का लगाया आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि अन्नपूर्णा योजना के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज पहले से पंचायत कार्यालय में जमा थे। इसके बावजूद पंचायत सचिव ने जानबूझकर उनके आवेदन नहीं भरे। उनका आरोप है कि इस लापरवाही के कारण वे योजना के लाभ से वंचित रह गईं।
पंचायत सचिव पर लगाए गंभीर आरोप
महिलाओं ने पंचायत सचिव पर राजनीतिक पक्षपात का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि सचिव पूर्व तृणमूल सरकार के करीबी रहे हैं और अब भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के समर्थक की तरह काम कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जानबूझकर भ्रम की स्थिति पैदा कर उन्हें योजना के लाभ से दूर रखा गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच स्थानीय भाजपा नेताओं ने प्रशासन को मामले की सूचना दी। इसके बाद बजबज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद फिलहाल स्थिति शांत हो गई।
महिलाओं ने उठाए सवाल
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सवाल उठाया कि जब वे योजना की सभी पात्रताओं को पूरा करती हैं और उनके दस्तावेज पहले से जमा हैं, तो उन्हें अन्नपूर्णा योजना की राशि से क्यों वंचित रखा गया। उन्होंने इस पूरे मामले के लिए पंचायत सचिव को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।