अर्जुन सिंह का बड़ा बयान, 16 दिसंबर तक बांग्लादेश लेने की बात
बांग्लादेश को लेकर पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के एक बयान ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। मंगलवार रात भाटपाड़ा में रास पूर्णिमा के अवसर पर गंगा आरती में शामिल होने पहुंचे अर्जुन सिंह ने कहा कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश को ले लिया जाएगा। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात भी कही।
बहुत हो चुका, हिंदुओं पर अत्याचार का बदला लेना होगा’
भाटपाड़ा में गंगा आरती के दौरान अर्जुन सिंह ने कहा, “16 दिसंबर तक बांग्लादेश को ले लेंगे हम। बहुत हो चुका। बांग्लादेश में जिस तरह हिंदुओं का नरसंहार हुआ है, उसका बदला तो लेना ही होगा। इसमें कोई संदेह नहीं है।”
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित स्वदेश वापसी को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चर्चा तेज है।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं शेख हसीना
गौरतलब है कि शेख हसीना ने हाल ही में 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई थी। उनकी पार्टी अवामी लीग की ओर से सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी दी गई। 16 दिसंबर बांग्लादेश का विजय दिवस है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम समाप्त हुआ था।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर जताई नाराजगी
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार चर्चा में रही हैं। हिंदू समुदाय के लोगों पर हमले और धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। चिन्मय कृष्ण दास से जुड़े मामले को लेकर भी बांग्लादेश में विवाद और आलोचना सामने आई है। इन्हीं घटनाओं का जिक्र करते हुए अर्जुन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी।