कोलकाता: पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने सड़क सुरक्षा, सड़क हादसों और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर कई अहम बयान दिए। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी पर सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आई है। उन्होंने इसके लिए जागरूकता की जरूरत बताई और अभिभावकों से भी बच्चों पर नियंत्रण रखने की अपील की।
बीटी रोड हादसे की होगी जांच
बीटी रोड पर हुई दुर्घटना को लेकर परिवहन मंत्री ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के पीछे वाहन का ब्रेक फेल होना कारण था या नहीं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
हाईवे पर टोटो के परिचालन पर सख्ती
अर्जुन सिंह ने हाईवे पर ऑटो और टोटो के चलने को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ऑटो के पास जरूरी कागजात होते हैं, लेकिन टोटो के रजिस्ट्रेशन को लेकर लंबे समय से अनियमितताएं रही हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि हाईवे पर टोटो के परिचालन को रोकने के लिए व्यवस्था की जा रही है।
पूजा से पहले 500, मार्च तक 1000 नई बसें
राज्य में सार्वजनिक परिवहन की कमी को दूर करने के लिए नई सरकारी बसें सड़कों पर उतारने की बात भी परिवहन मंत्री ने कही। उन्होंने बताया कि पूजा से पहले 500 बसें और मार्च से पहले करीब 1,000 बसें लाने की योजना है। उनका कहना है कि फिलहाल राज्य में बसों की कमी है।
हादसे पर लाइसेंस और वाहन रद्द करने की मांग
पुलिस की कथित रिश्वतखोरी को लेकर भी अर्जुन सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में दोषी पाए जाने पर ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन दोनों को रद्द किया जाना चाहिए। सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जरूरत पर उन्होंने जोर दिया।
डबल डेकर बसों पर भी सरकार की नजर
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लंदन की तर्ज पर डबल डेकर बसें चलाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। अर्जुन सिंह के मुताबिक, पर्यटन विभाग के साथ चर्चा के बाद ठंड के मौसम में डबल डेकर बसें चलाने की योजना बनाई जा सकती है।
अभया कांड पर बोले अर्जुन सिंह
वहीं, अभया कांड के दो साल पूरे होने के मौके पर परिवार की ओर से निर्मल घोष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भी अर्जुन सिंह से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि “निर्मल घोष, चेयरमैन गिरफ्तार होंगे, इंतजार कीजिए।” उनके इस बयान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।