बागडोगरा: पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। इस्लामपुर से सिलीगुड़ी जा रही एक सरकारी बस कथित तौर पर यांत्रिक खराबी के कारण बेकाबू हो गई और पहले एक राहगीर को कुचल दिया, फिर फ्लाईओवर के पिलर से जा टकराई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई।
बस से आई तेज आवाज, फिर बिगड़ा संतुलन
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बस बिहार मोड़ के पास पहुंची ही थी कि उसमें अचानक यांत्रिक खराबी आने की आशंका जताई गई। इसी दौरान बस से तेज और असामान्य आवाज आने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ ही क्षणों में चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर को टक्कर मारते हुए फ्लाईओवर के पिलर से जा भिड़ा।
राहगीर की मौके पर मौत, यात्रियों की स्थिति स्पष्ट नहीं
हादसा इतना भीषण था कि राहगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं या नहीं, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
चालक और कंडक्टर मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद बस का चालक और कंडक्टर वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा वास्तव में यांत्रिक खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। साथ ही फरार चालक और कंडक्टर की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।