कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के इंदास थाना क्षेत्र में ककरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता के पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष समेत दो स्थानीय नेताओं के नाम भी बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा
मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी कड़ा रुख अपनाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। हालांकि, बांकुड़ा के जिला पुलिस अधीक्षक ने घटना के पीछे किसी भी तरह के राजनीतिक संबंध से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन में शामिल हुए थे अब्दुल हाफिज
इंदास के रहने वाले शेख अब्दुल हाफिज के अनुसार, वह 19 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन में शामिल होने गए थे। 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर धमकी का आरोप
अब्दुल हाफिज का दावा है कि दिल्ली में रहते हुए उन्होंने आंदोलन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। उनके मुताबिक, CJP के आंदोलन में शामिल होने के कारण स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे नाराजगी जताई और गांव लौटने के बाद उन्हें धमकियां भी दी गईं। हाफिज ने बताया कि इसके बाद उन्होंने आंदोलन या CJP से जुड़ी कोई पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं की।
'स्कूल ठीक करो' अभियान में शामिल हुए थे हाफिज
अब्दुल हाफिज के मुताबिक, 13 अगस्त को वह CJP के 'स्कूल ठीक करो' कार्यक्रम के तहत अपने गांव के करिशुंडा पश्चिमपाड़ा प्राथमिक विद्यालय पहुंचे थे। वह इस स्कूल के पूर्व छात्र भी हैं। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल में पढ़ाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन और सरकार के सामने लाना बताया गया।
स्कूल से लौटने के बाद घर पर हमला करने का आरोप
हाफिज का आरोप है कि स्कूल के प्रधान शिक्षक काशीनाथ दे ने उन्हें अगले दिन फिर स्कूल आने के लिए कहा था। आरोप के मुताबिक, उसी रात इलाके के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और लाठी, रॉड तथा शाबल से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह किसी तरह घर के अंदर चले गए।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता, फिर हुई बेरहमी से पिटाई
अब्दुल हाफिज के अनुसार, जब उनके पिता मोहम्मद माफिक उन्हें बचाने के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उनकी भी कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद मोहम्मद माफिक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
CJP ने घटना की कड़ी निंदा की
घटना पर CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों की स्थिति सुधारने और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाने वाले लोगों के साथ सहयोग करने के बजाय उन पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने राजनीतिक कनेक्शन से किया इनकार
मामले में आठ गिरफ्तारियों के बाद पुलिस जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में बीजेपी से जुड़े स्थानीय नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि घटना का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। पुलिस अब मारपीट की पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।