कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मल्लिक कॉलोनी के पास बीटी रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कूल जा रहे थे दोनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक, घायल पिता अपने दोनों बेटों को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। मृतक बच्चों की उम्र करीब 5 और 7 वर्ष बताई जा रही है। दोनों बरानगर स्थित डनलप खालसा स्कूल के छात्र थे।
पिता अस्पताल में भर्ती
हादसे में स्कूटी चला रहे पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसे के बाद लोगों का प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही बरानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
इलाके के लोगों का कहना है कि सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए पत्थर और अन्य सामग्री रखे जाने से सड़क संकरी हो गई थी। उनका आरोप है कि इसी वजह से दुर्घटना हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।