बारासात : पश्चिम बंगाल के बारासात के नीलगंज इलाके से एक नई खबर निकलकर सामने आ रही है जहां वहां की स्थानीय पुलिस चौकी आज सुबह 7 बजे के आसपास भीषण आग की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह भयानक धमाके के कारण लोग अपनी नींद से उठ गए और अपने घरों से बाहर आकर देखा तो पूरा इलाका धुएं से भर गया था।
आग लगने के पीछे का सच
सूत्रों के अनुसार 2-3 दिन पहले पुलिस द्वारा कानूनी तौर पर इलाके से कुछ पटाखे बरामद किए गए थे और पुलिस चौकी में रखे गए थे। आज किसी तरह से पटाखों में आग लग गई जिसके कारण कई धमाके हुए और पूरी पुलिस चौकी आग की चपेट में आ गई। पर सवाल यह है कि आखिर किस तरह से उन पटाखों में आग लगी, इसका कारण गहन जांच के बाद ही पता चलेगा।
आग का प्रभाव
पुलिस कर्मचारियों के अनुसार किसी के गंभीर रूप से हताहत होने की खबर नहीं है और न ही किसी के घायल होने की सूचना है। क्योंकि उस समय पुलिस चौकी में कोई भी उपस्थित नहीं था, वरना मामला जटिल हो सकता था। दमकल ने भी सही समय पर आकर आग को बढ़ने से रोका और स्थिति को नियंत्रित किया।
चौकी की लापरवाही
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले भी नीलगंज स्थित इस चौकी पर लापरवाही का आरोप लगा था, जब 2023 में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में लगभग 9 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। इस बार विस्फोट उसी चौकी में हुआ है।