बारुईपुर: बारुईपुर सामूहिक दुष्कर्म कांड से जुड़े इंद्रजीत मंडल की मॉब लिंचिंग से मौत मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकिम लस्कर उर्फ 'केले' के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। साकिम की गिरफ्तारी के साथ ही इंद्रजीत मंडल की पीट-पीटकर हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
अदालत में पेशी, पुलिस मांगेगी हिरासत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साकिम लस्कर को बुधवार को बारुईपुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। जांच अधिकारी उससे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग करेंगे जांचकर्ताओं का मानना है कि साकिम से पूछताछ के जरिए मॉब लिंचिंग की घटना में उसकी भूमिका और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कौन-कौन लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल थे।
5 जुलाई को हुई थी इंद्रजीत मंडल की मौत
गौरतलब है कि बारुईपुर में नाबालिग से कथित यौन उत्पीड़न और हत्या की घटना के बाद 5 जुलाई को इंद्रजीत मंडल को भीड़ ने पीट दिया था। गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी इंद्रजीत मंडल के घर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि बारुईपुर मामले में शामिल होने के शक में इंद्रजीत को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। उन्होंने इस घटना को कथित तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध बताया था।
एसआईटी कर रही है मामले की जांच
इस पूरे मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका था। अब साकिम लस्कर की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।एसआईटी अधिकारी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर साकिम लस्कर को गिरफ्तार किया गया है।