बारुईपुर: दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11-12 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या और शव को जलाशय में फेंके जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना को लेकर लोगों में भारी गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी बीच बुधवार को भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचीं और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
परिवार को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
अग्निमित्रा पॉल ने मृतका के परिजनों से बातचीत कर उनकी पीड़ा सुनी और परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। परिवार से मुलाकात के दौरान वह भावुक भी नजर आईं।
मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की भीड़ की पिटाई में मौत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, घटना के बाद गुस्साई भीड़ द्वारा एक आरोपी की कथित तौर पर पिटाई किए जाने और उसकी मौत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
दोषियों को सख्त सजा देने की मांग तेज
इस दर्दनाक घटना के बाद बारुईपुर समेत आसपास के इलाकों में लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।