कोलकाता: दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके में 12 वर्षीय स्कूली छात्रा की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घटना के बाद हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया और पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
सड़क और रेल जाम, पुलिस कैंप में तोड़फोड़
आक्रोशित लोगों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर कुलपी रोड और राज्य राजमार्ग-1 को घंटों तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए, पेड़ और बांस डालकर रास्ता बंद कर दिया। इसका असर रेलवे सेवा पर भी पड़ा और लक्ष्मीकांतपुर व नामखाना रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उग्र भीड़ ने सूर्यपुर पुलिस कैंप में तोड़फोड़ की, कई पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के फोन से बदला माहौल
हिंसा के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आईजी (प्रेसिडेंसी रेंज) के माध्यम से पीड़ित बच्ची के पिता से फोन पर बातचीत की। परिवार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय का भरोसा दिया गया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को मंगलवार को भवानी भवन बुलाकर उनकी मांगों पर चर्चा करने और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, जिससे धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी।
ममता का आरोप- मुझे बाहर निकलने से रोका गया
घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि वह बारुईपुर जाकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहती थीं, लेकिन उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें प्रभावी रूप से "हाउस अरेस्ट" कर दिया गया और बाहर जाने से रोका गया। तृणमूल कांग्रेस ने इस संबंध में पुलिस की मौजूदगी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं।
भाजपा और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सीपीएम ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों को स्थानीय भाजपा नेताओं ने छुड़वाया, जिसके कारण लोगों का गुस्सा बढ़ा। वहीं भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनकी सूचना के आधार पर ही पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की थी। दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर तीखी जुबानी जंग जारी है।
आज विरोध प्रदर्शन, न्याय की मांग तेज
घटना के विरोध में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने सोमवार को बारुईपुर थाने के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया है। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।