कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला।
शनिवार से लापता थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची शनिवार शाम घर से पास की दुकान पर खाने का सामान लेने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का दावा है कि चार युवकों ने बच्ची का अपहरण किया और उसके साथ जघन्य अपराध को अंजाम दिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
सूचना मिलने पर बारुईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक प्रभास मंडल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत की सही वजह और दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, जबकि परिजन और स्थानीय निवासी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।